
मुंबई। मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) पर यात्रियों के गहने चुराने वाले एक शातिर चोर को कुर्ला रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से कुल 56.4 ग्राम सोने के गहने और 3.61 लाख रुपये मूल्य का सामान* बरामद किया गया है।
9 फरवरी 2025 को सुबह 11 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पर एक महिला यात्री एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ रही थी, तभी आरोपी ने झपट्टा मारकर उसके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गया। घटना से महिला सदमे में आ गई, लेकिन उसने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत कुर्ला रेलवे पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गुप्त सूचना के आधार पर मानखुर्द से अनवर हुसैन शेख (55 वर्ष, निवासी मानखुर्द) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 56.4 ग्राम सोने के गहने बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 3.61 लाख रुपयेआंकी गई है। इनमें दो परतों वाला सोने का मंगलसूत्र, तुलसी माला मंगलसूत्र, एक टूटा हुआ मंगलसूत्र और एक टूटी हुई चेन शामिल हैं।
रेलवे पुलिस की सतर्कता और मुस्तैदी से आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे ऑपरेशन में कुर्ला रेल पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शंभाजी यादव के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक सुभाष राठौड़ और अन्य पुलिस अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बता दें कि रेलवे पुलिस ने यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि अगर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Comments