
ठाणे पुलिस की अपराध शाखा यूनिट-5 ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संदीप शेट्टी नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है,जो कार मालिकों को ज्यादा किराया देने का लालच देकर उनसे गाड़ियां लेता था और बाद में उन्हें गाड़ी वापस नहीं करता था।पुलिस के अनुसार आरोपी पहले कुछ महीनों तक नियमित रूप से किराया देता था,जिससे कार मालिकों का भरोसा जीत लेता था।इसके बाद वह केवल आश्वासन देता रहता और ना तो किराया देता और ना ही गाड़ियां लौटाता।इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बदलापुर के एक कार व्यवसायी ने अपनी गाड़ियां वापस नहीं मिलने और किराया बंद होने पर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर वागले एस्टेट पुलिस थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया, जिसकी जांच अपराध शाखा यूनिट-5 को सौंपी गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने इसी तरीके से कई लोगों से गाड़ियां ली थीं।पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए करीब 30 कारें जप्त की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की आगे जांच कर रही है और आशंका जताई जा रही है कि मामले में और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं।
