top of page

जनसेवक गोपाल शेट्टी के मार्गदर्शन में 'गीता जयंती महोत्सव' का भव्य आयोजन 11 दिसम्बर को

Writer: BB News LiveBB News Live

राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे

मुंबई। उत्तर मुम्बई के तत्कालीन सांसद गोपाल शेट्टी ने दिसम्बर 2021 में लोकसभा में सदन के पटल पर श्रीमद् भागवत गीता को स्कूली पाठ्यक्रम में समाविष्ट करने की मांग रखी थी। प्रशासन इस विषय पर अमल करता उसके पूर्व ही जनसेवक गोपाल शेट्टी ने उत्तर मुंबई लोकसभा परिसर में विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों के सहयोग से श्रीमद्भागवत गीता के अभ्यास का शुभारंभ करवा दिया। जनसेवक शेट्टी ने गीता अभ्यास कार्य को गति दिलवाने की मंशा से गीता अभ्यास पाठ्यक्रम समिति का गठन भी किया था।

इस विशेष समिति के अध्यक्ष भाजपा नेता डॉ. योगेश दूबे ने मीडिया को बताया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी 11 दिसम्बर ( बुधवार) को शाम 5.30 बजे से 'गीता जयंती महोत्सव' का भव्य आयोजन कांदिवली स्थित पोइसर जिमखाना परिसर में होगा। महामहिम राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रूप में उपस्थित रहकर इस गौरवशाली आयोजन को शोभान्वित करेंगे। इस्कॉन संस्थान - जुहू के अध्यक्ष परमपूज्य श्री बृज हरिदास की उपस्थिति भी गीता जयंती महोत्सव के आयोजन को गरिमा प्रदान करेगी।

डॉ. योगेश दूबे के अनुसार गीता जयंती महोत्सव के अवसर पर नृत्य साम्राज्ञी पद्मश्री डॉ.सितारा देवी की सुपुत्री डॉ. जयंतीमाला श्री कृष्ण लीला का मनमोहक और भव्य कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी।

आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ नेता भाई गिरकर, विधायक प्रवीण दरेकर, विधायक अतुल भातखलकर, विधायक योगेश सागर, विधायक मनीषा चौधरी, विधायक संजय उपाध्याय, विधायक प्रकाश सुर्वे, भाजपा उत्तर मुंबई अध्यक्ष गणेश खणकर, क्षेत्र के सभी पूर्व नगरसेवक, भाजपा एवम् पोईसर जिमखाना के पदाधिकारी उपस्थित रहकर आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे।

डॉ. योगेश दुबे ने आगे कहा कि " पूर्व सांसद जनसेवक गोपाल शेट्टी के हम शतश: ऋणी हैं कि गीता जैसे वैश्विक ग्रंथ के अभ्यासक्रम से हम सबको उन्होंने जोड़ा। आज उनकी इस संकल्पना के कारण उत्तर मुंबई के सैकड़ों घर-परिवारों में श्रीमद् भागवत गीता विराजमान हुई है। आनेवाली पीढ़ी को आध्यात्मिक , सांस्कृतिक धरोहर विरासत में उपलब्ध हो इन विचारों के साथ गीता जयंती समारोह में पोईसर जिमखाना के अध्यक्ष मुकेश भंडारी, करुणाकर शेट्टी और श्रीमद्भागवत गीता शिक्षा अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ.योगेश दुबे ने सभी नागरिकों को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है।

Comments


bottom of page