
मुंबई प्रतिनिधि:मुंबई के वरळी इलाके में गैस सिलेंडर के काला बाज़ार का बड़ा मामला सामने आया है। शिधावाटप विभाग (राशनिंग विभाग) ने एक संगठित गिरोह पर छापा मारकर भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए हैं। यह अवैध कारोबार रहवासी इलाके में बेहद खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, वरळी के नाका क्षेत्र में गणपतराव कदम मार्ग स्थित ‘सूरज वल्लभदास चाल’ परिसर में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी की जा रही थी। इन सिलेंडरों को ऊंचे दामों पर काले बाजार में बेचा जा रहा था। सूचना मिलने पर शिधावाटप विभाग के उड़न दस्ते और कार्यालय क्रमांक 21 के अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा।
कार्रवाई के दौरान एचपी गैस कंपनी के 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा सुपर गैस कंपनी के 4 किलो के 64 भरे हुए सिलेंडर और 12 किलो के 19 भरे हुए सिलेंडर भी जब्त किए गए। साथ ही 12, 4 और 2 किलो के कुल 25 खाली सिलेंडर भी मौके से मिले।
अधिकारियों के मुताबिक, इन सिलेंडरों को अवैध रूप से रिफिल कर काले बाजार में बेचा जा रहा था। जब्त किया गया पूरा माल वरळी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि रहवासी इलाकों में इस तरह सिलेंडर का अवैध भंडारण और बिक्री बेहद खतरनाक है, जिससे लोगों की जान को बड़ा खतरा हो सकता है। यह कार्रवाई नियंत्रक शिधावाटप चंद्रकांत डांगे के मार्गदर्शन में की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस सिलेंडर के काला बाज़ार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों पर नजर रखने के लिए विभाग की टीमें 24 घंटे सतर्क हैं।
