वांद्रे–उधना विशेष रेल सेवा अब होगी दैनिक, सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयासों को बड़ी सफलता

BB News Live
3 Min Read

वसई: वसई–पालघर लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद डॉ. हेमंत सवरा के सतत एवं प्रभावी प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। ट्रेन संख्या 09055–56 वांद्रे–उधना विशेष रेल सेवा अब दैनिक (रोज़ाना) रूप में संचालित की जाएगी। इससे विरार से वलसाड के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक यह विशेष रेल सेवा सप्ताह में केवल पांच दिन चलती थी, जिसके कारण विशेष रूप से गुरुवार और शुक्रवार को यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। बोर्डी रोड, घोलवड, डहाणू रोड, वाणगांव, केळवे रोड, उमरोली, सफाळे और वैतरणा स्टेशनों से यात्रा करने वाले कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी, विद्यार्थी एवं दैनिक अप-डाउन करने वाले यात्रियों को यात्रा और सुरक्षा संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने 13 जनवरी 2025 से रेलवे प्रशासन एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष लगातार पत्राचार एवं अनुवर्तन किया। साथ ही इस विषय को संसद में भी प्रभावी रूप से उठाया गया। इसके अतिरिक्त 21 जनवरी 2026 को मुंबई स्थित डीआरएम कार्यालय में भी यह मुद्दा ठोस रूप से प्रस्तुत किया गया। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। रेलवे प्रशासन ने गुरुवार और शुक्रवार के लिए नई विशेष रेल सेवाओं की घोषणा की है, जिससे वांद्रे–उधना मार्ग पर रेल सेवा अब पूरी तरह दैनिक हो गई है।

मौजूदा रेल सेवाएँ

09055 – वांद्रे से उधना (रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार)

09056 – उधना से वांद्रे (शनिवार, रविवार, सोमवार, मंगलवार, बुधवार)

नई घोषित रेल सेवाएँ

09035 – वांद्रे से उधना (शुक्रवार, शनिवार)

09036 – उधना से वांद्रे (गुरुवार, शुक्रवार)

नई ट्रेनों की शुरुआत से विरार से वलसाड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। इससे कर्मचारियों, मजदूरों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को नियमित, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।

इसी के साथ सांसद डॉ. हेमंत सवरा द्वारा छुट्टी विशेष एवं नई शुरू होने वाली रेलगाड़ियों को पालघर जिले के स्टेशनों पर ठहराव देने की मांग भी की गई थी। इस पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए वांद्रे–भिवानी छुट्टी विशेष रेल को पालघर स्टेशन पर ठहराव की मंजूरी दी गई है। डहाणू उपनगरीय रेल सेवा को और अधिक सक्षम एवं विस्तारित करने के लिए भी सांसद डॉ. हेमंत सवरा के प्रयास लगातार जारी हैं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में और भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे, ऐसी जानकारी दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *