सरकारी राशन अनाज की संगठित चोरी का भंडाफोड़, चेंबूर में टेम्पो सहित 22 बोरियां गेहूं जप्त।

रवि निषाद।मुंबई
चेंबूर इलाके में सरकारी सस्ते राशन की कालाबाजारी से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। 24 जनवरी 2026 को मिली सूचना के आधार पर चेंबूर पुलिस स्टेशन ने कार्रवाई करते हुए तीन-पहिया टेम्पो क्रमांक MH-03-EV-0620 को अनाज के साथ जप्त किया। वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि जांच में सामने आया कि यह टेम्पो दुकान क्रमांक 33-E-098 सहित अन्य राशन दुकानों से सरकारी राशन अनाज की अवैध ढुलाई में इस्तेमाल हो रहा था।पुलिस द्वारा जप्त टेम्पो में 50-50 किलो की 22 बोरियां गेहूं (कुल 1100 किलो) पाई गईं।अनाज की गुणवत्ता सरकारी राशन जैसी पाई गई।जप्त सामग्री का अनुमानित कुल मूल्य ₹1,82,780 बताया गया है।वीडियो साक्ष्य से खुलासा सहायक राशन अधिकारी द्वारा दिखाए गए वीडियो में सिद्धार्थ नगर, चेंबूर की अधिकृत दुकान से नीले रंग के टेम्पो में अनाज भरते हुए स्पष्ट दिखाई देता है।वीडियो और जप्त टेम्पो एक ही होने की पुष्टि से यह स्पष्ट हुआ कि अनाज को ऊंचे दामों पर बेचने के इरादे से कालाबाजारी की जा रही थी।निरीक्षण में कमी,नेटवर्क का संदेह निरीक्षण के दौरान दुकान में खाद्य सुरक्षा चावल और गेहूं की कमी पाई गई।भले ही इसे रसीदों में दर्ज बताया गया,लेकिन वीडियो साक्ष्य से अवैध निकासी का संदेह पुख्ता हुआ। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया कि यह गतिविधि लंबे समय से संगठित नेटवर्क के जरिए चल रही थी। आरोपी और कार्रवाई सूत्रों के अनुसार इस नेटवर्क में राहुल (मुख्य दलाल),गणपत,मोहित और दीपक (पार्टनर) तथा भरत ठक्कर (अंतिम खरीदार) शामिल हैं,जो विभिन्न इलाकों की राशन दुकानों से गेहूं-चावल उठाकर अवैध रूप से सप्लाई करते थे।आरोपियों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की संबंधित धाराओं और महाराष्ट्र खाद्यान्न राशनिंग नियम के तहत कार्रवाई की गई है।जांच जारी मामले की जांच PSI सूर्यवंशी कर रहे हैं।राशन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों के नाम FIR में शामिल किए जाएंगे।
