
मुंबई. अंधेरी पश्चिम स्थित भवन्स कॉलेज के मुख्य गेट के सामने गटर इस कदर भर चुका है कि गंदा पानी सड़क पर फैल गया है। इसी रास्ते से रोज़ाना भवन्स कॉलेज और राजहंस स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों का कहना है कि गटर का ढक्कन नज़र न आने की वजह से बच्चे या राहगीर फिसलकर गटर में गिर सकते हैं। इसके बावजूद के/पश्चिम विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस क्षेत्र की ज़िम्मेदारी संभाल रहे सहायक आयुक्त चक्रपाणी इल्ले को बार-बार अवगत कराने के बाद भी नगरपालिका प्रशासन आंख मूंदे बैठा है। गटर का गंदा पानी जमा होने से डेंगू, मलेरिया, त्वचा रोग और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होता, तब तक प्रशासन जागने को तैयार नहीं है। सवाल यह है कि अगर किसी छात्र के साथ दुर्घटना होती है तो इसकी ज़िम्मेदारी कौन लेगा?
अब नागरिकों और अभिभावकों ने मांग की है कि
गटर की तत्काल सफाई की जाए
सड़क की मरम्मत और सुरक्षा उपाय किए जाएं
लापरवाह अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाए
अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती है।
