मुंबई । अंधेरी ( पूर्व) विधानसभा का उपचुनाव कभी भी घोषित किया जा सकता है। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को अभी से ही उपचुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ उतर जाना चाहिए। उपरोक्त बातें मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक आशिष शेलार ने रविवार को अंधेरी पूर्व के पंप हाऊस में भाजपा के मध्यवर्ती कार्यालय के उदघाटन समारोह में बोलते हुए कही।
बता दें कि अंधेरी पूर्व विधानसभा के विधायक स्वर्गीय रमेश लटके के निधन के बाद से रिक्त हुई अंधेरी पूर्व विधानसभा में उपचुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई। जिसके कारण भाजपा विधायक आशिष शेलार पूरी तरह से एक्शन मूड में हैं। यही वजह है कि रविवार को भाजपा के मध्यवर्ती कार्यालय का उदघाटन करते हुए विधायक शेलार ने कहा कि अंधेरी पूर्व विधानसभा उपचुनाव में भाजपा पूरी ताकत के साथ उतरेगी। उन्होंने उपचुनाव के संभावित उम्मीदवार मुरजी पटेल की प्रशंशा करते हुए कहा कि पटेल दिन रात अंधेरी की गरीब जनता हो या अमीर सभी के सुख दुख में निस्वार्थ भाव से सेवा में लगे रहते हैं। ऐसे में वे सच्चे अर्थों में जनता के सेवक हैं।
शेलार ने यह भी कहा कि शिवसेना की दशहरा रैली का कोई भी असर नहीं पड़ेगा बल्कि रैली फ्लॉप होगी। उन्होंने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री माननीय नरेन्द्र मोदीजी के नेतृत्व में भारत देश का चहुमुंखी विकास हो रहा है। बताया जाता है कि अंधेरी पूर्व विधानसभा से भाजपा के उम्मीदवार मुरजी पटेल होंगे। जबकि शिवसेना ने स्वर्गीय विधायक रमेश लटके की पत्नी को उम्मीदवार बनाने की घोषणा कर दी है। हालांकि उपचुनाव कब होगा ? उसकी घोषणा चुनाव आयोग ने नहीं की है। उसके बाद भी भाजपा उपचुनाव की तैयारियों में जुट गई है। रविवार को विधायक आशि ष शेलार और मुरजी पटल के नेतृत्व में कांग्रेस और शिवसेना के अनेक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा अंधेरी पूर्व विधानसभा मध्यवर्ती कार्यालय के उदघाटन समारोह में प्रमुख रूप से आचार्य पवन त्रिपाठी, संजय उपाध्याय महामंत्री भाजपा, जिला अध्यक्ष संतोष मेंढेकर, पूर्व नगरसेवक अभिजीत सावंत, सुरेंद्र दुबे, महिला मोर्चा अध्यक्ष संध्या सुनील यादव, भाजपा अल्पसंख्यक विभाग के जिला अध्यक्ष हुसेन पठाण, पंकज यादव, पूर्व नगरसेविका केशरबेन पटेल, मंडल अध्यक्ष अशोक पांडे, इंद्रसेन उपाध्याय, रवि दुबे, अविनाश भागवत सहित हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।