मुंबई। हाल ही में महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर शिक्षक मतदार संघ का चुनाव संपन्न हुआ। इस चुनाव में महाविकास आघाड़ी के उम्मीदवारों ने काफी अच्छा प्रदर्शन करते हुए विजय की पताका फहराई है जिससे महाविकास आघाड़ी का मनोबल तो बढ़ा है साथ ही साथ आगामी समय में संपन्न होने वाले अन्य चुनाव में भी महाविकास आघाड़ी पूरी दम खम के साथ उतरेगी। उपरोक्त बातें गत दिनों पूर्व मंत्री और राकांपा महाराष्ट्र प्रदेश के अध्यक्ष जयंत पाटिल ने कुर्ला विधानसभा के पूर्व विधायक मिलिंद अन्ना कांबले के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित समारोह में बोलते हुए कही।
ज्ञात हो कि गत दिनों कुर्ला विधानसभा के पूर्व विधायक और कुर्ला तालुका राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मिलिंद अन्ना कांबले का जन्मदिन उनके समर्थकों की ओर से भव्य पैमाने पर आयोजित किया गया। यही वजह है कि मिलिंद अन्ना कांबले के इस जन्मदिन के अवसर पर मुंबई प्रदेश से लेकर जिला और तालुका स्तर के अनेक राकांपा के पदाधिकारी शामिल हुए। राकांपा मुंबई प्रदेश के सचिव संजीव उपाध्याय के नेतृत्व में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जयंत पाटिल ने पूर्व विधायक मिलिंद अन्ना कांबले को जन्मदिन पर शतायु होने की शुभकामना दी और यह भी कहा कि मिलिंद अन्ना पुनः कुर्ला विधानसभा से विधायक बनेंगे यही हार्दिक शुभेच्छा देता हूं।
पाटिल ने आगामी मनपा और विधानसभा चुनाव की तैयारियों में कार्यकर्ताओं को अभी से ही लग जाने का आहवान किया।इस अवसर पर लोकप्रिय हिंदी समाचार पत्र पहला अपराध का विमोचन पूर्व मंत्री जयंत पाटिल और उपस्थित राकांपा के नेताओं द्वारा किया गया। हिंदी भाषी समाज विशेष रूप से युवाओं में अपनी अलग पहचान बना चुके राकांपा मुंबई प्रदेश के सचिव संजीव उपाध्याय ने कहा कि आज कुर्ला विधानसभा को मिलिंद अन्ना कांबले की जरूरत है। कुर्ला का विकास मिलिंद अन्ना कांबले के द्वारा ही संभव है। इस अवसर पर उपस्थित राकांपा के अन्य नेताओं में राकांपा मुंबई प्रदेश के कार्याध्यक्ष नरेंद्र राणे, हरीश सनस, रमेश परब, सहित अनेक लोग उपस्थित थे।