भारत जोड़ो रथ लॉन्च के मौके पर दिग्गज कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह मौजूद
मुम्बई। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और कोल्हापुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष सतेज डी. पाटिल ने देश में अपनी तरह के एक नायाब पहल को अंजाम देते हुए भारत जोड़ो रथ की शुरुआत की. उन्होंने शनिवार के दिन कोल्हापुर जिले में 13 अत्याधुनिक LED रथों को रवाना किया. इन सभी रथों को कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी में लॉन्च किया गया.
उल्लेखनीय है कि इस अभियान के शुरुआत के फ़ौरन बाद देश के सभी कांग्रेसी नेताओं ने अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया और इस पहल के लिए सतेज पाटिल की प्रशंसा की. कोल्हापुर में शुरू किये गये इस अभियान को देखते हुए देशभर के कांग्रेसी नेताओं ने इस पहल को अपने राज्यों/शहरों/जिलों में भी लागू करने का ऐलान किया.इन सभी भारत जोड़ो रथों की ख़ासियत है कि इनमें LED स्क्रीन्स लगे हुए हैं और इनमें लाइव स्ट्रीम करने की सुविधा भी उपलब्ध है. अगले 100 दिनों तक ये सभी भारत जोड़ो रथ 1,239 गांवों और शहरी इलाकों का भ्रमण करेंगे.
इन सभी रथों के माध्यम से राहुल गांधी के नेतृत्व में पिछले एक महीने से चल रही भारत जोड़ो यात्रा का सीधा प्रसारण किया जाएगा. ग़ौरतलब है कि दशहरा चौक पर भारत जोड़ो रथ के लॉन्च के मौके पर बालासाहेब थोरात, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के मुखिया एच. के. पाटिल जैसे कद्दावर कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे. इस विशेष अवसर पर भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े मराठी थीम सॉन्ग को भी लॉन्च किया गया. इस मौके पर कांग्रेस के तमाम विधायक और पदाधिकारी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज़ कराई.
भारत जोड़ो रथ को एक अनूठी पहल बताते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, “भारतीय संविधान की आत्मा को बचाने के लिए राहुल गांधी ने पदयात्रा के ज़रिए जन-जन से जुड़ने और उन तक अपने विचारों को पहुंचाने का फ़ैसला किया है. एक देश के तौर पर हम सब एक हैं और ऐसे में हमें पदयात्रा में शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता है. इस पदयात्रा का मक़सद लोगों में भाईचारा की भावना को बढ़ाना देना है और देश को एक सूत्र में पिरोना है. भारतीय जनता पार्टी द्वारा की जा रही नफ़रत की राजनीति के ख़िलाफ़ इस यात्रा का आयोजन किया गया है, जिससे लोगों में उत्साह का नया संचार कर दिया है. इस पदयात्रा को और इसके माध्यम से दिये जा रहे संदेशों के प्रसारण को कोई नहीं रोक सकता है”.
उन्होंने कहा, “इस वक्त देश का माहौल बदल रहा है और राहुल गांधी के नेतृत्व में की जा रही पदयात्रा इस बात की ग़वाह है कि लोग अब परिवर्तन देखना चाहते हैं.”दिग्विजय सिंह ने अपने विचारों को रखते हुए आगे कहा, “देश को तोड़़ने की कोशिशों के बीच भारत जोड़ो यात्रा देश को बचाने की एक अनूठी पहल है. भारत जोड़ो रथ नामक अभियान की शुरुआत भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को देश के कोने-कोने में पहुंचाने की उम्दा कोशिश है.
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कांग्रेस द्वारा आयोजित पदयात्रा पर अपने विचार रखते हुए कहा, “इस यात्रा की चर्चा महज़ देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है. सतेज पाटिल द्वारा शुरू किया गया अभियान अपने आप में एक नायाब अभियानबहै और कांग्रेस की तरफ़ से उठाया गया यह एक अभूतपूर्व क़दम है”.सतेज पाटिल की इस पहल की तारीफ़ करते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के मुखिया एच. के. पाटिल ने कहा कि मोदी सरकार लोगों के मन में अनिश्चिता की भावना पैदा करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा, “राहुल जी की यात्रा देश का वातावरण बदलने और लोगों में एकता बनाए रखने की नायाब कोशिश है जिसे जनता का भारी समर्थन हासिल हो रहा है”.