ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे में तड़के एक निर्माण स्थल पर लोहे की छड़ों पर गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। सोमवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना वर्तक नगर इलाके के भीम नगर में एक 26 मंजिला निर्माणाधीन इमारत स्थल पर सुबह करीब 4.12 बजे हुई।
उन्होंने बताया कि भीम नगर निवासी जयराज सरदार एक इमारत से गिर गया और निर्माण स्थल पर ऊपर की ओर निकली हुई लोहे की छड़ों पर जा गिरा। अधिकारी ने जानकारी दी कि एक छड़ जयराज की कमर में घुस गई। निर्माण स्थल पर उपस्थित श्रमिकों ने उसे बचाने के लिए ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल करके छड़ को दोनों तरफ से काट दिया।
ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा कि सूचना मिलने पर स्थानीय अग्निशमन और एक आपदा प्रबंधन टीम घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति का कालवा सिविक अस्पताल में इलाज चल रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घायल व्यक्ति निर्माण स्थल पर काम नहीं कर रहा था।
Comments