मुंबई।कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी पैदल यात्रा कर के पूरे देश में जाति धर्म से दूर हटकर भाई चारे का संदेश दे रहे हैं। इस भारत जोड़ो यात्रा के जरिए वे लोगों से सीधे जुड़कर उनकी समस्या को समझ रहे हैं। उक्त विचार कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शेट्टी ने मुलुंड स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
बता दें राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए भारत जोड़ो यात्रा को विगत डेढ़ माह से अधिक बीत चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शेट्टी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों के साथ रूबरू हुए और उन्हें दिवाली की शुभ कामना भी दी।
कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शेट्टी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधान मंत्री हैं, लेकिन वे राज्यों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र देश की आर्थिक राजधानी है,लेकिन प्रधान मंत्री इसे आर्थिक कमजोर करने की साजिश रच रहे हैं । इसी के चलते चार बड़ी परियोजनाओं को महाराष्ट्र से गुजरात में शिफ्ट किया गया है। यह प्रोजेक्ट एक लाख 78हजार 724 करोड़ का है। शेट्टी ने कहा कि गुजरात में विधान सभा चुनाव होने वाला है, इसी के चलते मतदाताओं को लुभाने के लिए ऐसी साजिश की जा रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता राकेश शेट्टी ने महंगाई, बेरोजगारी के बारे में चर्चा की और कहा कि महंगाई चरम सीमा पर है, जबकि प्रधान मंत्री ने अच्छे दिन आने का सपना दिखाया था, लेकिन पिछले आठ साल से जनता महंगाई में पिस रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम सीमा पर है। ईडी और सीबीआई का डर विपक्ष के नेताओं को दिखाया जा रहा है और उन्हें झूठे परेशान किया जा रहा है।
- Advertisement -
बता दें कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से कन्याकुमारी से शुरू हुई थी जो कि अब तक चार राज्यों तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश से गुजर चुकी है। कांग्रेस की 3750 किमी की भारत जोड़ो यात्रा 12 राज्यों से गुजरेगी। यह दक्षिण में कन्याकुमारी से उत्तर में कश्मीर तक 3,750 किमी का सफर पूरा करेगी। अब महाराष्ट्र में यह यात्रा 7 नवंबर से प्रवेश करेगी। इसके लिए तैयारी हो रही है।
शेट्टी ने कहा कि इस पदयात्रा के जरिए राहुल गांधी न सिर्फ कांग्रेस की खोई जमीन तलाशने की कवायद में जुटे हैं, बल्कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भरने की भी कोशिश कर रहे हैं।
राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की इस भारत जोड़ो यात्रा में भारी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक हिस्सा ले रहे हैं। राहुल गांधी पैदल यात्रा करके पूरे देश में अलग संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं।